रायगढ़। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पिछले 48 घंटों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान 115 लीटर महुआ शराब, 92 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब, नकदी तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। कोतवाली पुलिस ने ग्राम लाखा में दबिश देकर तीन आरोपियों को 65 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा। वहीं साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी के कब्जे से 92 पौवा शराब और बिक्री की नकदी बरामद की। इसी तरह पूंजीपथरा पुलिस ने मोटरसाइकिल से 40 लीटर महुआ शराब का परिवहन कर रहे युवक को गिरफ्तार किया, जबकि खरसिया पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 10 लीटर महुआ शराब के साथ एक अन्य आरोपी को पकड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
