नुसरत जहां एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों से पहले वह कोलकाता स्थित प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) के दफ्तर में पेश हुईं। उन्हें फ्लैट धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जानकारी के अनुसार, यह मामला 2014-15 के बीच का है, जिसमें आरोप है कि, राजारहाट इलाके में वरिष्ठ नागरिकों को फ्लैट देने का वादा कर उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न तो फ्लैट दिए गए और न ही पैसा लौटाया गया। इसी शिकायत के आधार पर जांच एजेंसी ने कार्रवाई शुरू की।
नुसरत जहां पर आरोप है कि, वह एक रियल एस्टेट कंपनी से जुड़ी थीं, जो इस कथित घोटाले में शामिल बताई जा रही है। शिकायतकर्ता का दावा है कि, सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। इस मामले में बीजेपी नेता द्वारा ईडी में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद जांच आगे बढ़ी। ईडी दफ्तर पहुंचने के दौरान उनके साथ अभिनेता यश दासगुप्ता भी मौजूद थे। मामले की जांच अभी जारी है और कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की संभावना जताई जा रही है। नुसरत जहां ने पहले भी इन आरोपों को खारिज किया है और खुद को निर्दोष बताया है। लेकिन चुनाव से ठीक पहले हुई इस पूछताछ ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
