झारखंड का ‘YouTube Village’ बना वायरल सेंसेशन, एक मोड़ ने बदल दी पूरे गांव की पहचान

Follow Us

झारखंड। गढ़वा जिले से एक अनोखी डिजिटल कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है। रंका प्रखंड की विश्रामपुर पंचायत स्थित बहाहारा गांव को अब लोग उसके असली नाम से कम और “यूट्यूब वाला गांव” के नाम से ज्यादा पहचानने लगे हैं। दरअसल, गांव का एक साधारण-सा सड़क मोड़, जिसे पहले स्थानीय लोग “कानी मोड़” कहते थे, अब बदलकर “यूट्यूब मोड़” बन चुका है। यह बदलाव किसी सरकारी आदेश से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और स्थानीय युवाओं की क्रिएटिविटी का नतीजा है। करीब 4–5 साल पहले इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल के साथ यहां के युवाओं ने इस मोड़ की तस्वीरें और वीडियो ऑनलाइन साझा किए, जिसके बाद यह धीरे-धीरे वायरल हो गया।

अब स्थिति यह है कि इस मोड़ को देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। सड़क किनारे “YouTube Mode” का बोर्ड भी लगाया गया है, जो लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन गया है। यहां से गुजरने वाले यात्री अक्सर रुककर फोटो और वीडियो बनाते हैं। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि, इस गांव में कोई बड़ा यूट्यूबर स्टूडियो या प्रोफेशनल कंटेंट क्रिएटर नहीं है। फिर भी डिजिटल पहचान ने इस जगह को खास बना दिया है। यह कहानी दिखाती है कि, कैसे सोशल मीडिया किसी भी साधारण जगह को अचानक लोकप्रिय बना सकता है और एक छोटी-सी पहचान को भी बड़े स्तर पर वायरल कर सकता है।