नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर चल रही खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सरकार ने साफ कहा है कि फिलहाल कीमत बढ़ाने से जुड़ा कोई भी प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।पट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बयान जारी कर कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25-28 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी का दावा किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई योजना सरकार के सामने नहीं है।मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरें लोगों में डर और भ्रम फैलाने के लिए फैलाई जाती हैं, जिन पर ध्यान नहीं देना चाहिए। सरकार के अनुसार, भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जहां पिछले चार वर्षों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है। सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद आम जनता को राहत देने के लिए लगातार कदम उठाए हैं। बुधवार को दैनिक प्रेस ब्रीफिंग में मंत्रालय ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में ईंधन की अतिरिक्त खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। सरकार के मुताबिक, देशभर में घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। 23 मार्च 2026 से अब तक 5 किलो वाले 20 लाख से ज्यादा छोटे गैस सिलेंडर बेचे जा चुके हैं, जो खासकर प्रवासी मजदूरों के लिए राहत साबित हो रहे हैं। इन सिलेंडरों की आपूर्ति भी बढ़ा दी गई है। पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के विस्तार पर भी तेजी से काम जारी है। मार्च 2026 से अब तक 5.10 लाख नए कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि लाखों लोगों ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। सरकार कंपनियों के साथ मिलकर लोगों को पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और राज्यों को भी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेट्रोल-डीजल महंगे होने की खबरें फर्जी: केंद्र सरकार ने किया साफ, कोई प्रस्ताव नहीं
