कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित उत्तर बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और हाल ही में हुई मुठभेड़ के बाद नक्सलियों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। इसी बीच नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है, जहां परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय नक्सली दासरू ने सोमवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के अनुसार, दासरू आमाबेड़ा थाना पहुंचा और बिना किसी दबाव के हथियार डालते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेछा ने आत्मसमर्पण की पुष्टि करते हुए बताया कि, यह कदम नक्सलियों के मनोबल में गिरावट को दर्शाता है। हाल ही में मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने के बाद संगठन में भय और अस्थिरता बढ़ी है।
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं। दासरू को तत्काल 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा उसे आगामी तीन वर्षों तक प्रतिमाह 10,000 रुपये स्टाइपेंड, निःशुल्क आवास और भोजन, स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग, कृषि भूमि और आजीविका से जुड़ी अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि, इस नीति का उद्देश्य नक्सल प्रभावित युवाओं को हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है। लगातार हो रहे आत्मसमर्पण इस बात का संकेत हैं कि, अब क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
