मुंबई। नीट पेपर लीक मामले को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में 8 अलग-अलग पुलिस थानों में 900 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 20 जुलाई को नीट पेपर लीक मामले को लेकर संसद मार्च निकाला था। इसी मुद्दे को लेकर मुंबई में भी प्रदर्शन किया गया। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी और उस दौरान क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू थी।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, नियमों के उल्लंघन के आरोप में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक मामले शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए हैं, जहां 600 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इसके अलावा माहिम पुलिस स्टेशन में 100 से ज्यादा, दादर पुलिस स्टेशन में 70 से अधिक और सायन पुलिस स्टेशन में 40 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा वरली पुलिस स्टेशन में 21 लोगों, कालाचौकी पुलिस स्टेशन में 20 से अधिक, भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में 20 से अधिक और वडाला टीटी पुलिस स्टेशन में 25 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मुंबई पुलिस ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर हुए प्रदर्शनों को लेकर संबंधित थानों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
