धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कहा- छात्रों के हित में लिया गया बड़ा फैसला

Follow Us

रायपुर/नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का अन्याय न हो। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “मैं मोदी जी का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने छात्रों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। छात्रों की सुरक्षा और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इससे उन लोगों को भी जवाब मिला है जो छात्रों का इस्तेमाल कर देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे।”

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) सहित कई महत्वपूर्ण शिक्षा सुधारों को सफलतापूर्वक लागू किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पद छोड़ने का उनका फैसला सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, जवाबदेही और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण है।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिली। उन्होंने उनके इस्तीफे को नैतिकता और सार्वजनिक जवाबदेही का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, भारतीय भाषाओं में शिक्षा को बढ़ावा देने और उच्च शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में लिया गया उनका यह निर्णय सार्वजनिक जीवन में सिद्धांतों और मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।