रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। सबसे अधिक असर बिलासपुर में देखने को मिला, जहां 24 घंटे के दौरान 28 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया और कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
शुक्रवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में शनिवार को भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना और निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर विस्तारित है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों को निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
