महासमुंद। राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य किया गया है। योजना के सुचारु क्रियान्वयन के तहत जिले में 367 सीएससी सेंटरों को आईडी जारी की गई है, जहां चॉइस सेंटरों के माध्यम से ई-केवाईसी का कार्य लगातार जारी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टिक्वेन्द्र जटवार के अनुसार, 1 अप्रैल से आयोजित शिविरों के जरिए पात्र विवाहित महिलाओं का ई-केवाईसी किया जा रहा है। जिले में कुल 3,03,808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना है, जिसमें से अब तक 1,20,827 लाभार्थियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शेष 1,82,981 हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे। ई-केवाईसी के लिए हितग्राहियों को अपना आधार कार्ड और योजना में पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है।
महतारी वंदन योजना में तेजी, 1.20 लाख से अधिक हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूरा
