बिलासपुर। कांग्रेस नेता एवं बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल पर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद की संभावित उम्मीद के चलते अमर अग्रवाल विधानसभा में सरकार से बिलासपुर के जनहित से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने से बच रहे हैं। प्रेस क्लब बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में शैलेष पांडेय ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा कार्यकाल की आठ बैठकों के बावजूद अमर अग्रवाल ने बिलासपुर की समस्याओं से संबंधित एक भी सवाल सरकार से नहीं पूछा।
उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव, पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक व्यवस्था, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, युवाओं के रोजगार, स्वामी आत्मानंद स्कूलों का संचालन, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अपोलो अस्पताल में गरीब मरीजों के इलाज और हवाई सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित हैं, लेकिन इन पर विधानसभा में चर्चा नहीं कराई गई। शैलेष पांडेय ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान विधायक रहते हुए उन्होंने बिलासपुर के हितों से जुड़े 392 सवाल विधानसभा में उठाए थे। उनका कहना था कि एक विधायक की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को सरकार के सामने प्रभावी ढंग से रखना है, न कि राजनीतिक कारणों से मौन रहना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी बिलासपुर और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार उठाती रहेगी।

