वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुना ‘मन की बात’, महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी उत्पादों पर हुई चर्चा

Follow Us

रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रविवार को रायपुर की मानव बस्ती स्थित शासकीय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने महिला शक्ति, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और युवाओं की सकारात्मक भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान प्राकृतिक एवं जैविक खेती में महिलाओं के योगदान और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक और जैविक खेती के माध्यम से महिलाएं मिट्टी को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। खेती और आजीविका के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी आर्थिक सशक्तिकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती देती है। दीपावली और त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने नागरिकों से स्थानीय उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करने की अपील की। साथ ही त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जेन-ज़ी और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी पर भी चर्चा हुई। ‘मन की बात’ को जनभागीदारी और देश की लोकशक्ति से जुड़ने का माध्यम बताते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से संवाद के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के संदेशों के जरिए महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।