मुंबई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) ने छोटे निवेशकों और रिटेल कारोबारियों को बड़ा तोहफा देते हुए नया ‘सिल्वर 100’ फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट लॉन्च किया है। इसके तहत अब निवेशक महज 100 ग्राम चांदी के लॉट में भी ट्रेडिंग और निवेश कर सकेंगे। अब तक बाजार में सिर्फ 30 किलो, 5 किलो और 1 किलो के ही बड़े कॉन्ट्रैक्ट उपलब्ध थे, जिसके चलते कम पूंजी वाले छोटे निवेशक और स्थानीय ज्वैलर्स कमोडिटी मार्केट से दूर रहते थे। इस नए छोटे साइज के कॉन्ट्रैक्ट से बाजार में आम लोगों की भागीदारी तेजी से बढ़ेगी।
MCX की एमडी और सीईओ प्रवीणा राय के मुताबिक, यह कॉन्ट्रैक्ट विशेष रूप से छोटे कारोबारियों (SMEs) और रिटेल निवेशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इससे उन पर पूंजी का दबाव कम होगा और वे चांदी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के जोखिम से बचने के लिए आसानी से हेजिंग कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस कॉन्ट्रैक्ट की अवधि पूरी होने पर निवेशकों को पारदर्शी मेकिंग चार्ज के साथ पूरी तरह से क्वालिटी-अश्योर्ड ‘फिजिकल डिलीवरी’ भी मिलेगी। इसकी क्लियरिंग और सेटलमेंट की जिम्मेदारी MCXCCL संभालेगा।
इसके साथ ही, MCX ने घरेलू चांदी रिफाइनर्स को एक्सचेंज के पैनल में शामिल होने का न्यौता दिया है। इस कदम से देश के भीतर चांदी की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय सप्लाई चेन मजबूत होगी और भविष्य में चांदी के आयात पर भारत की निर्भरता कम होगी। बाजार की भारी मांग पर शुरू किया गया यह कॉन्ट्रैक्ट कम जोखिम में मोटी कमाई का एक बेहतरीन जरिया साबित होने वाला है।
