सीबीएसई 12वीं री-इवैल्यूएशन पोर्टल आखिरकार हुआ लाइव, कल ठप रहने के बाद छात्र अब कर सकेंगे अप्लाई

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए री-इवैल्यूएशन पोर्टल (cbseit.in) को आखिरकार पूरी तरह एक्टिव कर दिया है। घोषित शेड्यूल के मुताबिक यह पोर्टल सोमवार (1 जून) से ही शुरू होना था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण दिनभर पूरी तरह ठप रहा। इस लचर व्यवस्था की वजह से रिजल्ट को लेकर संशय में चल रहे छात्र और उनके माता-पिता पूरे दिन परेशान रहे और बोर्ड के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। अब पोर्टल के लाइव होने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है और वे री-इवैल्यूएशन के लिए स्टेप-बाय-स्टेप ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

साल 2026 में करीब 18 लाख छात्रों ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा दी है। इस बार छात्रों के सामने एक और बड़ी समस्या खड़ी हुई है; कई स्टूडेंट्स का आरोप है कि उन्होंने मुख्य उत्तर पुस्तिका के अलावा सप्लीमेंट्री या एडिशनल शीट ली थी, लेकिन डाउनलोड की गई स्कैन कॉपी में वह हिस्सा गायब दिख रहा है।

इस री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत की उम्मीद है जिन्हें लगता है कि उनके जवाबों का सही तरीके से मूल्यांकन (असेसमेंट) नहीं किया गया। हालांकि, बोर्ड ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि री-इवैल्यूएशन के बाद छात्रों के नंबर बढ़ भी सकते हैं, घट भी सकते हैं या फिर पहले जैसे ही रह सकते हैं। जो भी छात्र अपने मार्क्स रिव्यू कराना चाहते हैं, वे अब बिना समय गंवाए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।