महापौर मीनल चौबे के खिलाफ अभद्र भाषा का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में महापौर मीनल चौबे के खिलाफ सोशल मीडिया वीडियो में कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी विनय माहेश्वरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को देवपुरी इलाके से पकड़ा है। मामला बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर बनाए गए एक सोशल मीडिया वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए गए थे। इसी दौरान महापौर मीनल चौबे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा।

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा पार्षद दल ने आपत्ति जताते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को विनय माहेश्वरी के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने देवपुरी क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर किन-किन माध्यमों से प्रसारित किया गया। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक या अपमानजनक सामग्री पोस्ट अथवा शेयर नहीं करने की अपील की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।