कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्बन फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बायलर में ब्लास्ट होने के बाद फैक्ट्री परिसर में आग फैल गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान फैक्ट्री में मौजूद करीब 30 से 40 मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। वहीं, आग के कारण पूरा क्षेत्र काले धुएं से भर गया है। प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
