गाजियाबाद की बैग फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक; दूर तक दिखीं लपटें

Follow Us

गाजियाबाद। लोनी के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बैग बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें काफी दूर तक दिखाई दीं, जबकि इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना के बाद आसपास हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में रेक्सिन, फोम, कपड़ा और केमिकल सहित अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

पांच दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत
आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गईं। फायरकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हालांकि, तब तक फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का तैयार माल और कच्चा माल जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था। आग से फैक्ट्री के अंदर मौजूद मशीनरी और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

राजघाट परिसर में बनेगा मनमोहन सिंह का स्मारक, DUAC ने मंजूरी के साथ रखीं कई शर्तें

बाल-बाल टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि जिस समय फैक्ट्री में आग लगी, उस वक्त अंदर कोई मजदूर मौजूद नहीं था। इससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अगर फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद होते तो हादसा काफी गंभीर हो सकता था।सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास की कुछ फैक्ट्रियों को खाली करा दिया और इलाके में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। नुकसान का विस्तृत आकलन भी किया जा रहा है।