बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम कर्रा स्थित हिंद एनर्जी एंड कोल के बंद पड़े डिपो में मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश डिपो से केबल, लोहे का सामान और पाइप चोरी कर ले गए। विरोध करने पर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की। जानकारी के अनुसार, बंद पड़े कोल डिपो में देर रात कुछ अज्ञात लोग घुस गए और वहां रखे कीमती सामान को चोरी करने लगे। इस दौरान सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने और पहचानने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर हिंद एनर्जी प्लांट के जीएम सत्यदेव प्रसाद वर्मा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद मस्तूरी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार चोरी और मारपीट की पूरी घटना डिपो परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में कुछ नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग जब्त कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
