पत्नी से विवाद के बाद खंभे पर चढ़ा युवक, 11 केवी तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत; पुलिस जांच में जुटी

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली के खंभे पर चढ़े एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पत्नी से विवाद के बाद वह खंभे पर चढ़ा था और 11 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा इलाके की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था और पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक, बारिश के दौरान लवकुश घर के बाहर लगे करीब 10 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर दीवार के सहारे चढ़ गया। खंभे पर मौजूद 11 केवी के तार से संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय उसकी पत्नी बिंदा साहू घर पर मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ देर पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।