बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के नेहरू नगर स्थित कारोबारी के सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि 5 करोड़ रुपये की चोरी की खबर पूरी तरह भ्रामक और निराधार थी। सिविल लाइन थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 1.06 लाख रुपये से अधिक नकद, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी के अलावा सोने-चांदी के जेवर, पुराने नोट, बहुमूल्य रत्न, पूजा सामग्री और धातु की फिटिंग सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में शिकायतकर्ता ने 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद और 15 से 20 तोला सोना चोरी होने की आशंका जताई थी। बाद में घर की विस्तृत तलाशी लेने पर कुछ कीमती सामान मकान के अंदर ही सुरक्षित मिला। इसके बाद लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में यह दावा किया गया कि कारोबारी रजनीश सेठ के घर से करीब 5 करोड़ रुपये नकद, जेवर और बहुमूल्य रत्न चोरी हुए हैं। हालांकि, पुलिस जांच में यह दावा गलत साबित हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 5 करोड़ रुपये की चोरी की खबर पूरी तरह अफवाह और तथ्यहीन है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
