जशपुर में कर्मचारियों को बड़ी राहत, पेंशन और वेतन निर्धारण के 81 मामलों का मौके पर समाधान

Follow Us

जशपुरनगर। जिले में पेंशन और वेतन निर्धारण से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे के लिए आयोजित जिला स्तरीय शिविर में 81 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इनमें वेतन निर्धारण के 69 और पेंशन से संबंधित 12 मामले शामिल हैं। इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और जल्द सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को राहत मिली है। संभागीय संयुक्त संचालक, कोष, लेखा एवं पेंशन, अंबिकापुर संभाग सरगुजा के निर्देश पर 14 अक्टूबर को कलेक्टोरेट कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में शिविर लगाया गया। इसमें जिले के विभिन्न कार्यालयों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों ने लंबित प्रकरण प्रस्तुत किए। संभागीय कार्यालय से आए अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार मामलों का निराकरण किया।

शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को पेंशन और वेतन निर्धारण से जुड़े लाभ समय पर उपलब्ध कराना तथा लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को आसान बनाना था। जिला कोषालय अधिकारी चन्द्रकांत ने बताया कि लंबे समय से प्रकरण लंबित होने के कारण परेशान कर्मचारियों को इस शिविर से विशेष राहत मिली है। शिविर में संभागीय कार्यालय के उप संचालक अनिल कुमार बारी, सहायक संचालक प्रताप टोप्पो, संजय कुमार धीवर, गुलाम दस्तगीर, मंगेश कुमार सोनी, जयसिंह सांडिल्य, सुरेश कुमार पैकरा और सोमारू राम सहित जिला कोषालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।