धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 53 पेटी देसी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर अर्जुनी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मकान पर छापा मारा, जहां से शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने खिलावन और कमलेश नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध शराब की सप्लाई की तैयारी में थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या सिंडिकेट सक्रिय है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध शराब की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
