रायगढ़ में सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई, IPL फाइनल पर दांव लगाते 31 लाख से अधिक कैश जब्त

Follow Us

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आईपीएल फाइनल मुकाबले GT Vs RCB पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई साइबर थाना और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, गंज बाजार क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार की और सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों के नाम बताए। इसी आधार पर पुलिस ने गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के घर पर दबिश दी, जहां से दो बैग में रखी बड़ी नकदी बरामद हुई। आरोपी साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह संगठित रूप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था और अवैध रूप से बड़ी रकम का लेन-देन किया जा रहा था। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।