कांकेर। पखांजूर के ग्राम बड़े कापसी में 2022 में हुई 11 लाख की हथियारबंद डकैती के मामले में विशेष न्यायालय ने सभी 8 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पुलिस ने महज 72 घंटे में सभी आरोपियों को पकड़कर 100% माल बरामद किया था। थाना पखांजूर क्षेत्र के चर्चित डकैती प्रकरण में न्यायालय ने कठोर फैसला सुनाया है। माननीय विशेष न्यायालय (अत्याचार अधिनियम), उत्तर बस्तर कांकेर ने विशेष प्रकरण क्र. 57/2022 में 25 अगस्त 2026 को सभी 8 दोषियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया।
मामला 2 सितंबर 2022 की रात करीब 2 से 2:30 बजे का है, जब बड़े कापसी स्थित शासकीय आवास F.D.H-87 में डिप्टी रेंजर भारत राम सलाम के घर में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 11 लाख रुपये नगद, 4 सोने की चूड़ियां और 4 मोबाइल लूट लिए थे। थाना पखांजूर में अपराध क्र. 113/2022, धारा 450, 120(बी), 395, 506(बी) भादवि के तहत केस दर्ज हुआ था।घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसपी शलभ सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी।
तकनीकी साक्ष्य, CCTV और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने 3 दिन के भीतर 9 सितंबर 2022 को सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया पूरा माल बरामद कर लिया।अभियोजन ने कोर्ट में 32 गवाह, 149 दस्तावेजी साक्ष्य, TI परेड और CCTV साक्ष्य पेश किए।
कोर्ट ने सुनाई सजा
धारा 450 में 10 साल कठोर कारावास + 1000 जुर्माना, धारा 120(बी) सह 395 और धारा 395 में आजीवन कारावास + 1000 जुर्माना, और धारा 506(बी) में 3 साल कारावास + 1000 जुर्माना।दोषी हैं – कालू उर्फ अनादि हलदर, प्रभास महलदार, सुचेन निषाद, मनोज ढीमर, दुर्गनारायण दास, समीर बैरागी, शेखर उर्फ चंद्रशेखर नेताम और राकेश पासेट।
