रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 92 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, ओ.पी. शर्मा को सेनानी, चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (माना, रायपुर) से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री सुरक्षा छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से पुलिस व्यवस्था में बेहतर तालमेल स्थापित होगा और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना देरी किए अपने नए पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार संभालें। माना जा रहा है कि यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।


