बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर नवापारा चौक के पास पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक कार से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1.22 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह उस समय की गई जब पुलिस को सूचना मिली कि, एक संदिग्ध वाहन कटघोरा की ओर से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार (CG 04 OD 7255) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से पैकेटों में भरा हुआ 245 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार आरोपी अमित कुमार केंवट (33), निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि, वह गांजा कटघोरा से लेकर मध्यप्रदेश ले जा रहा था।
