धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई:2.45 करोड़ का गांजा जब्त, 4 तस्करों सहित एक नाबालिग गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में नशामुक्त अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। थाना अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर एक महिंद्रा पिकअप और स्विफ्ट कार को रोका। वाहनों की तलाशी लेने पर 96 पैकेटों में भरा 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2,45,40,900 रुपये (करीब 2.45 करोड़) आंकी गई है। मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और रायपुर के रहने वाले 4 शातिर तस्करों (नौशाद खान, करण साहू, मो. शादिक, हिमांशु साहू) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। धमतरी पुलिस ने पिछले महज 6 हफ्तों के भीतर गांजा तस्करों के खिलाफ यह 7वीं और सबसे बड़ी कार्रवाई की है। तस्करों द्वारा कभी कपड़ों के व्यापार तो कभी महिलाओं की आड़ में तस्करी के पैंतरे अपनाए गए, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और सुदृढ़ खुफिया तंत्र ने करोड़ों के अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।