रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जशपुर जिले के पत्थलगांव स्थित लोकेर जलाशय योजना के निर्माण कार्यों के लिए 70.15 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के पूरा होने पर लगभग 2055 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ और रबी फसलों के लिए किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। योजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को सौंपी गई है।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैदराबाद में आयोजित Chhattisgarh Investor Connect कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, सरल और पारदर्शी प्रक्रियाओं तथा निवेश के अनुकूल माहौल की जानकारी दी। राज्य में उद्योग, ऊर्जा, आईटी, अधोसंरचना, खाद्य प्रसंस्करण और खनिज आधारित क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री की निवेश प्रोत्साहन पहल के तहत अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया के बाद अब हैदराबाद में भी निवेशक संवाद आयोजित किया गया। नई औद्योगिक नीति के प्रभाव से छत्तीसगढ़ को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
