ड्रेस कोड विवाद में लेंस्कर्ट घिरा: बिलासपुर में विरोध प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने किया स्टोर्स का घेराव

Follow Us

बिलासपुर। देश के कई हिस्सों में चश्मा ब्रांड लेंस्कर्ट (Lenskart) के कथित ड्रेस कोड को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जहां एक संगठन से जुड़े कार्यकर्ता शहर के विभिन्न स्टोर्स पर पहुंचे और अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि, कंपनी के ड्रेस कोड से जुड़े निर्देशों में हिंदू धार्मिक प्रतीकों जैसे तिलक, कलावा, बिंदी और मंगलसूत्र पर आपत्ति जताई गई है, जबकि अन्य धार्मिक परंपराओं को लेकर कोई रोक नहीं है। इसी कथित भेदभाव के विरोध में कार्यकर्ताओं ने सरकंडा, व्यापार विहार और मुंगेली नाका क्षेत्र स्थित स्टोर्स पर जाकर विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान कुछ कर्मचारियों को तिलक लगाया गया और कलावा भी बांधा गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि, यदि इस तरह के निर्देश वापस नहीं लिए गए तो आगे स्टोर्स के बाहर तालाबंदी जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। वहीं, इस पूरे मामले पर कंपनी Lenskart ने पहले ही अपना पक्ष स्पष्ट किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में कंपनी ने कहा कि, उसके इन-स्टोर ड्रेस कोड गाइडलाइंस सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान करती हैं। इनमें तिलक, बिंदी, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी जैसे प्रतीक शामिल हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि, यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसे खेद है और भविष्य में सभी नीतियों को समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर और मजबूत किया जाएगा।