नई दिल्ली। दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में जल्द ही आधुनिक स्काईवॉक का निर्माण किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए इस परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। लोक निर्माण एवं जल मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत पूर्वी दिल्ली के विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए इसकी घोषणा की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पटपड़गंज हाईवे और झिलमिल अंडरपास समेत कई प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि, इन इलाकों में पहले बारिश के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बन जाता था, लेकिन बेहतर योजना, विभागों के तालमेल और लगातार निगरानी से अब स्थिति में काफी सुधार आया है।
लक्ष्मी नगर के व्यस्त चौराहे पर बनने वाला स्काईवॉक लोगों के लिए सुरक्षित पैदल मार्ग उपलब्ध कराएगा और सड़क पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद करेगा। इसके साथ ही दिल्ली सरकार प्रीकास्ट स्टॉर्म वॉटर ड्रेन तकनीक के जरिए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। मंत्री ने कहा कि, सरकार का लक्ष्य दिल्ली के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है। इस दौरान कई विधायक, अधिकारी और इंजीनियर भी मौजूद रहे।
