रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी मालवाहक वाहनों और अवैध पार्किंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। प्रतिबंधित समय में शहर में घुसने वाले सात भारी वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, वहीं प्रमुख मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहन की मदद से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई। जांच में पाया गया कि कई भारी मालवाहक वाहन निर्धारित समय सीमा की अनदेखी कर शहर के अंदर प्रवेश कर रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ सड़क सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा था। पुलिस ने ऐसे सभी वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
इसी अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाले वाहनों को क्रेन के जरिए हटाकर थाना परिसर भेजा गया और संबंधित वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बताया कि रिंग रोड के भीतर भारी मालवाहक वाहनों को केवल रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और फील्ड टीमों के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
