रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के ग्राम कोटमसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पेदावाड़ा मांझीपाल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने नन्हें बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनके पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं को बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाए रखने तथा बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

