कोरबा की बेटी ने रचा इतिहास,आईआईटी मद्रास से सिविल इंजीनियर बन बढ़ाया जिले का गौरव

Follow Us

कोरबा। जिले की प्रतिभाशाली बेटी राधा अग्रवाल ने अपनी मेहनत और लगन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी मद्रास से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। 17 जुलाई 2026 को आयोजित आईआईटी मद्रास के भव्य दीक्षांत समारोह में राधा अग्रवाल को सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री प्रदान की गई। उन्हें यह सम्मान वर्ल्ड बैंक के ग्लोबल एनवायरनमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. नागराजराव हर्षदीप के हाथों मिला। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके माता-पिता राकेश नागरमल अग्रवाल और परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

राधा की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करना उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ छोटे शहरों के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है। परिवार, दोस्तों और शहरवासियों ने राधा की इस कामयाबी पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों को उम्मीद है कि राधा अपनी प्रतिभा और ज्ञान के बल पर देश के निर्माण और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में अहम योगदान देंगी। उनकी सफलता ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शहर की सीमा की मोहताज नहीं होती।