नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया। अप्रैल 2026 में ही राज्यसभा पहुंचीं कोयल मल्लिक का महज तीन महीने के भीतर इस्तीफा देना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। कोयल मल्लिक ने उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह सार्वजनिक नहीं की है और न ही इस्तीफा पत्र में इसके संबंध में कोई कारण बताया है।
यह इस्तीफा पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय आया है, जब हाल ही में टीएमसी के वरिष्ठ नेता मदन मित्रा ने भी पार्टी छोड़ दी थी। इससे पहले टीएमसी के तीन अन्य राज्यसभा सांसद भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में कोयल मल्लिक राज्यसभा से इस्तीफा देने वाली चौथी सांसद बन गई हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इस्तीफा देने के बाद कोयल मल्लिक को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर देखा गया। हालांकि, इसे लेकर न तो कोयल मल्लिक और न ही किसी राजनीतिक दल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
कोयल मल्लिक बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। उनका वास्तविक नाम रुक्मिणी मल्लिक है। वह दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं और वर्ष 2003 में टॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई सफल बंगाली फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई। फिलहाल उनके इस्तीफे के बाद आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि, उन्होंने भविष्य की योजनाओं या किसी अन्य दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
