जंतर-मंतर विवाद पर खड़गे का बड़ा बयान, बोले- छात्रों को न्याय चाहिए, दमन नहीं

Follow Us

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। घटना से आहत खड़गे ने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया और कहा कि, मौजूदा हालात में जश्न नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का समय है। खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि, न्याय की मांग करने वाले छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए, न कि उन्हें दबाने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने छात्रों के अधिकारों का समर्थन करते हुए कहा कि, देश के युवा बेहतर व्यवस्था और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के हकदार हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि, छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान ऐसी स्थिति क्यों बनी और परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग की। खड़गे ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार, सुरक्षित डिजिटल सिस्टम, पारदर्शी प्रक्रिया और गड़बड़ी होने पर छात्रों को राहत देने वाली नीति लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि, युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।