मुंबई। देशभर में मानसून का असर देखने को मिल रहा है और मुंबई में लगातार हो रही बारिश का लोग भरपूर आनंद ले रहे हैं। मशहूर गायक और संगीतकार कैलाश खेर भी इस सुहाने मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। उन्होंने बारिश के बीच लॉन्ग ड्राइव का एक खास वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
कैलाश खेर ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह मुंबई की बारिश के बीच कार चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “मुंबई की बारिश में गाड़ी चलाने से ज्यादा सुकून देने वाली कोई और चीज नहीं है।” इस सफर को और खास बनाने के लिए उन्होंने बैकग्राउंड में अपनी आवाज में गाया फिल्म ‘चांदनी चौक टू चाइना’ का लोकप्रिय गीत ‘सिद्धू’ चलाया। यह गीत अभिनेता अक्षय कुमार पर फिल्माया गया था और आज भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है।
कैलाश खेर सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी निजी जिंदगी, संगीत और यात्राओं से जुड़े पल फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। हाल ही में वह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और प्रातःकालीन भस्म आरती में भी शामिल हुए। अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर कैलाश खेर ने कहा था, “महाकाल के दर्शन करना जिंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी जैसा है।” इससे पहले वह उत्तराखंड स्थित बाबा केदारनाथ धाम में भी दर्शन के लिए पहुंचे थे।
