ईरान-अमेरिका तनाव के बीच जॉर्डन में हाई अलर्ट: अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों को दी चेतावनी, सरकार ने दावों को बताया गलत

Follow Us

अम्मान। मध्य पूर्व में बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव का असर अब जॉर्डन पर भी दिखाई देने लगा है। जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए अकाबा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बंदरगाह क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी है। दूतावास ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों, सैन्य ठिकानों और किसी भी तरह के प्रदर्शन से दूरी बनाए रखने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

अमेरिकी दूतावास ने यह भी दावा किया कि, एहतियात के तौर पर जॉर्डन के अधिकारियों ने अकाबा एयरपोर्ट और बंदरगाह परिसर खाली करा लिए हैं। साथ ही नागरिकों को विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें सुरक्षा संबंधी ताजा जानकारी समय पर मिलती रहे।

हालांकि, जॉर्डन सरकार ने अमेरिकी दूतावास के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सरकारी प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने कहा कि, अकाबा एयरपोर्ट और बंदरगाह सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और इन्हें खाली कराने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। सरकार ने यह भी पुष्टि की कि, हाल ही में जॉर्डन में गिरी एक ईरानी मिसाइल से किसी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही किसी तरह की संपत्ति का नुकसान हुआ। फिलहाल देश में सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।