बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के क्रांति नगर स्थित पूजा अपार्टमेंट में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फ्लैट की अलमारी और लॉकर के ताले पूरी तरह सुरक्षित मिले, लेकिन लॉकर में रखे करीब 13 तोला सोने के जेवर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित अभय अग्रवाल, जो पेशे से भौतिकी के शिक्षक हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी शेफाली कलानोरिया ने 30 जून की शाम आखिरी बार लॉकर में जेवर देखे थे। इसके बाद 20 जुलाई को जब लॉकर खोला गया तो सभी जेवर गायब मिले। खास बात यह रही कि अलमारी और लॉकर के ताले में किसी तरह की तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी ने चाबी का इस्तेमाल कर लॉकर खोला और जेवर निकाल लिए। बताया गया है कि लॉकर की चाबी घर के उसी कमरे में छिपाकर रखी जाती थी।
सूचना मिलने पर तारबाहर थाना पुलिस और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस घर में काम करने वाली दो घरेलू सहायिकाओं, ट्यूशन के लिए आने वाले छात्रों, पूर्व कर्मचारियों और अन्य आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
