मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने एक बार फिर अपने शानदार एथनिक लुक से फैशन प्रेमियों का दिल जीत लिया है। उनका लेटेस्ट ट्रेडिशनल अवतार सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है, जिसमें वह आइवरी सिल्क साड़ी और ब्लैक वेलवेट ब्लाउज़ में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। जाह्नवी ने आइवरी रंग की सिल्क साड़ी पहनी, जिस पर बारीक सुनहरे फूलों की कढ़ाई की गई थी। साड़ी का काला और सुनहरा बॉर्डर पूरे लुक को रॉयल और क्लासिक टच दे रहा था। पारंपरिक अंदाज और आधुनिक स्टाइल का यह मेल उनके लुक को और भी खास बना रहा था। इस लुक की सबसे बड़ी खासियत उनका ब्लैक वेलवेट ब्लाउज़ रहा। ब्लाउज़ की स्लीव्स और हेमलाइन पर खूबसूरत बीडवर्क किया गया था, जबकि डीप नेकलाइन और कटआउट बैक डिज़ाइन ने इसे ग्लैमरस ट्विस्ट दिया। आइवरी सिल्क और ब्लैक वेलवेट का संयोजन बेहद आकर्षक नजर आया।
एक्सेसरीज़ की बात करें तो जाह्नवी ने एक्वामरीन स्टोन्स और गोल्ड डिटेलिंग वाला भारी चोकर नेकलेस पहना, जिसे मैचिंग इयररिंग्स और स्टेटमेंट ब्रेसलेट के साथ स्टाइल किया गया। ज्वेलरी ने उनके लुक को शाही अंदाज दिया, लेकिन साड़ी और ब्लाउज़ की खूबसूरती को भी उभरने दिया। मेकअप के लिए अभिनेत्री ने ड्यूई बेस, सॉफ्ट आई मेकअप, घनी पलकों, पीची-न्यूड लिप्स और हल्के ब्लश का चुनाव किया। छोटी लाल बिंदी ने उनके ट्रेडिशनल लुक में चार चांद लगा दिए। वहीं, सेंटर-पार्टेड स्लीक बन हेयरस्टाइल ने पूरे लुक को और अधिक एलिगेंट बना दिया। जाह्नवी कपूर का यह एथनिक अवतार पारंपरिक भारतीय फैशन और मॉडर्न ग्लैमर का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया है।
