दिल को स्वस्थ रखने के लिए लोग अक्सर खान-पान, एक्सरसाइज और वजन पर ध्यान देते हैं, लेकिन अच्छी नींद भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो सकती है। हालिया हेल्थ रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने खराब नींद और हृदय स्वास्थ्य के बीच संबंध को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
देर रात तक जागना पड़ सकता है भारी
लगातार कम या खराब गुणवत्ता वाली नींद शरीर पर असर डाल सकती है। नींद के दौरान शरीर को आराम और रिकवरी का समय मिलता है। वहीं, नींद की समस्या लंबे समय तक बनी रहने पर ब्लड प्रेशर और शरीर में सूजन जैसे कारकों पर असर पड़ सकता है।
सिर्फ कितने घंटे सोएं, यह ही जरूरी नहीं
अच्छी सेहत के लिए नींद की अवधि के साथ उसकी गुणवत्ता और नियमितता भी महत्वपूर्ण है। रोज अलग-अलग समय पर सोना, देर रात तक मोबाइल चलाना और नींद पूरी न होना नींद की दिनचर्या को प्रभावित कर सकता है।
खर्राटों को नजरअंदाज न करें
अगर किसी व्यक्ति को तेज खर्राटे आते हैं, रात में बार-बार नींद खुलती है या सोने के बावजूद दिनभर अत्यधिक थकान रहती है, तो इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ मामलों में ये स्लीप एपनिया जैसी नींद संबंधी समस्या के संकेत हो सकते हैं, जिसका संबंध हृदय स्वास्थ्य से भी हो सकता है।
दिल को स्वस्थ रखने के लिए इन आदतों पर दें ध्यान
0 रोज लगभग एक ही समय पर सोने और उठने की कोशिश करें।
0 सोने से पहले मोबाइल और दूसरे स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें।
0 नियमित शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
0नमक और अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करें।
0 लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचें।
0 तनाव कम करने के लिए योग, मेडिटेशन या आरामदायक गतिविधियों को अपनाएं।
अगर खर्राटे, सांस रुकने जैसी समस्या या लगातार दिन में नींद आती है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
ब्लड प्रेशर भी रखता है दिल की सेहत पर असर
हाई ब्लड प्रेशर कई बार बिना स्पष्ट लक्षणों के भी रह सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादा नमक, लंबे समय तक बैठे रहना, खराब नींद, तनाव और वजन बढ़ना जैसे कई रोजमर्रा के कारक ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकते हैं।
