नई दिल्ली। निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर लॉन्च से पहले दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कवि और गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने अभिनेता रणबीर कपूर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर ने उनसे एक ऐसा सवाल पूछा, जिसने दोनों के बीच करीब एक घंटे तक गहन चर्चा कराई। कुमार विश्वास ने बताया कि रणबीर कपूर ने बेहद सहजता से उनसे पूछा, “सर, राम भगवान हैं या इंसान?” इस सवाल के जवाब में दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। चर्चा समाप्त होने के बाद जब कुमार विश्वास ने रणबीर से पूछा कि अब उन्होंने क्या समझा, तो अभिनेता ने जवाब दिया, “सर, मैं समझ गया हूं… राम सब कुछ हैं।”
कुमार विश्वास इस फिल्म के लिए गीत लिख रहे हैं। फिल्म के संगीत पर ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हैंस ज़िमर साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यह पहली बार है जब दोनों दिग्गज संगीतकार किसी भारतीय फिल्म के लिए साथ आए हैं। ए.आर. रहमान ने कुमार विश्वास की भाषा पर पकड़ और रामायण की गहरी समझ की सराहना करते हुए कहा कि उनके शब्द संगीत को नई ऊंचाई देते हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो भागों में तैयार की जा रही फिल्म है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियो कर रही है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, काजल अग्रवाल मंदोदरी, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और अमिताभ बच्चन जटायु की आवाज़ देते सुनाई देंगे।
