IRCTC का ‘डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर’ लॉन्च, 11 दिनों में काशी से जगन्नाथ पुरी और बैद्यनाथ धाम के होंगे दर्शन

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए 11 दिन और 10 रातों का विशेष ‘डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर’ लेकर आया है। यह यात्रा 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जिसमें वाराणसी, जगन्नाथ पुरी, कोणार्क, भुवनेश्वर, कोलकाता, गंगासागर और देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम सहित पूर्वी भारत के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

इस यात्रा के लिए विशेष ट्रेन दिल्ली सफदरजंग से रवाना होगी। यात्री गाजियाबाद, टूंडला जंक्शन, कानपुर और प्रयागराज से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे। वापसी में पटना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला और दिल्ली सफदरजंग में उतरने की सुविधा मिलेगी।

पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन, टूर गाइड और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। चिल्का झील में बोटिंग का खर्च अलग से देना होगा। यात्रियों को काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा आरती, जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क सूर्य मंदिर, लिंगराज मंदिर, विक्टोरिया मेमोरियल, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, बेलूर मठ और गंगासागर सहित कई प्रमुख स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

टूर के लिए AC-3, AC-2 और AC-1 श्रेणियों में अलग-अलग पैकेज उपलब्ध हैं। किराया लगभग ₹88,685 से शुरू होकर ₹1,32,320 तक है। IRCTC ने 50 हजार रुपये से अधिक के पैकेज पर किश्तों में भुगतान की सुविधा भी दी है, जिसमें पहले 25 प्रतिशत राशि देकर बुकिंग कराई जा सकती है। शेष राशि यात्रा से पहले जमा करनी होगी।