आईपीएल खिलाड़ी अभिषेक पोरेल पर गंभीर आरोप, हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी और डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने के दिए निर्देश

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल मुश्किलों में घिर गए हैं। एक मेडिकल छात्रा की शिकायत से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पोरेल और एक अन्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। अदालत ने पुलिस को आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने और डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने का आदेश भी दिया है।

मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि, पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और निजी पलों की रिकॉर्डिंग की। महिला ने धमकी देने और मारपीट जैसे आरोप भी लगाए हैं। पुलिस जांच के दौरान एक पेन ड्राइव बरामद होने की बात सामने आई है, जिसमें महत्वपूर्ण डिजिटल सामग्री होने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक पुलिस की ओर से संपर्क नहीं किया गया है और जांच पूरी होने के बाद वह अपना पक्ष विस्तार से रखेंगे। 23 वर्षीय अभिषेक पोरेल दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट भी खेल चुके हैं और इंडिया-ए टीम के साथ विदेशी दौरों पर भी जा चुके हैं।