जम्मू-कश्मीर में आसमानी आफत: भारी बारिश से 24 मौतें, वैष्णो देवी-अमरनाथ यात्रा पर रोक

Follow Us

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। पिछले दो दिनों में बारिश, भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं में 24 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। पुंछ जिले में एक दर्दनाक हादसे में घर पर मलबा गिरने से एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई। वहीं, डोडा में पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई। कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई हैं और गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

भारी बारिश के कारण कटड़ा में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें मार्गों को सुरक्षित बनाने में जुटी हैं। इस बीच, हजारों श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।