कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी क्लीनिक की आड़ में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहा था। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। थाना कवर्धा पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक क्लीनिक से आईपीएल मैचों पर दांव लगाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी नीलकमल अधिकारी को हिरासत में लिया। जांच में मोबाइल के जरिए अलग-अलग आईडी से हार-जीत और ओवर-दर-ओवर सट्टा संचालित होने के संकेत मिले।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कर आरोपी के खिलाफ जुआ प्रतिषेध कानून के तहत मामला दर्ज किया है। इधर रायगढ़ में भी हाई-टेक क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने जांच के बाद मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि पूरा नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए संचालित हो रहा था। मोबाइल जांच में ऑनलाइन लेनदेन, चैट रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूत मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सट्टेबाजी अब पारंपरिक तरीके से हटकर डिजिटल माध्यमों पर शिफ्ट हो रही है, जिससे निगरानी और कार्रवाई की चुनौती बढ़ी है। दोनों मामलों को ऑनलाइन अवैध सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
