खाने पर बुलाया, विवाद हुआ और भाई ने ले ली भाई की जान; टांगी से हमला कर आरोपी फरार

Follow Us

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम नामलेपरा में मामूली पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने टांगी से हमला कर छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम नामलेपरा निवासी 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी प्रमिला धनवार के साथ बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश धनवार के घर खाना खाने गया था। परिवार के सभी लोग साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया और पत्नी को जल्दी आने के लिए आवाज लगाने लगा।

बताया जा रहा है कि पत्नी को बार-बार बुलाने की बात बड़े भाई कैलाश को पसंद नहीं आई और दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर कैलाश ने घर में रखी टांगी उठाई और मथुरा पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मथुरा को परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पौड़ी उपरोड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी कैलाश धनवार की तलाश में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के बाद गांव से लगे जंगल की ओर फरार हो गया है।