अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 2.23 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त

Follow Us

कबीरधाम । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिल्फी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चिल्फी सीमा क्षेत्र में एक कंटेनर ट्रक के चालक सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त कक्ष से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक और आरोपी के मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। इस तरह कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। कबीरधाम पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव परिक्षेत्र अजय यादव के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 31 अगस्त 2026 को थाना चिल्फी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर जांच की। वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम बलजीत सिंह बताया। संदेह के आधार पर पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त कक्ष में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट मिले। इनमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे का कुल वजन 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन और गांजा परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक भी जब्त किया है।


Read more:- रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना


इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह, पिता रवेल सिंह, निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। चिल्फी थाना पुलिस के साथ मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल की टीम भी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच, नाकाबंदी और निगरानी लगातार जारी रहेगी। गुप्त कक्ष बनाकर गांजे की बड़ी खेप परिवहन करने की कोशिश को पुलिस की सतर्कता से विफल किया गया।

कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव परिक्षेत्र अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और चिल्फी थाना पुलिस की टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता की सराहना करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।


Read more:- CGPSC मेंस का रिजल्ट जारी, 608 अभ्यर्थियों को मिली सफलता, 21 सितंबर से शुरू हो सकता है इंटरव्यू


यह कार्रवाई थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बीरबल साहू, आरक्षक सुनील मरावी, जितेंद्र चंद्रवंशी, पंकज यादव और दिलीप जायसवाल सहित चिल्फी थाना पुलिस तथा मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और वाहन जांच को और मजबूत करते हुए तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।