रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा जिले में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत और विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे। सचिव ने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने तथा बीटी पैच कार्यों में तेजी लाने को कहा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुकेश कुमार बंसल ने कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग और ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का जायजा लिया। उन्होंने 2.84 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में तेजी लाकर उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करने और विकास कार्यों का लाभ लोगों तक जल्द पहुंचाने को कहा गया। इस दौरान बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता सुरेश भूपल, कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
