रिंग में भारत का ‘पावर पंच’! लवलीना और साक्षी ने हासिल किया एशियन-कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट, देखें पूरा स्क्वॉड

Follow Us

पटियाला। भारतीय बॉक्सिंग की दो धुरंधर खिलाड़ियों, ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन और उभरती हुई स्टार साक्षी चौधरी ने पटियाला में आयोजित नेशनल ट्रायल्स में विरोधियों को धूल चटाते हुए आगामी एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। टोक्यो ओलंपिक की ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट लवलीना ने महिलाओं के 75kg फाइनल में सनामाचा चानू को 5-0 से शिकस्त देकर दोनों बड़े टूर्नामेंट्स का टिकट कटाया। दरअसल, पिछले महीने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल में न पहुंच पाने के कारण लवलीना सीधे क्वालिफिकेशन से चूक गई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने ट्रायल्स के जरिए अपनी काबिलियत साबित कर दिखाई।

दूसरी ओर, महिलाओं की 51kg कैटेगरी में साक्षी चौधरी ने रिंग में ऐसा गदर मचाया कि देखने वाले दंग रह गए। साक्षी ने सेमीफाइनल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निकहत ज़रीन को 4-1 से शिकस्त दी और फिर फाइनल में मौजूदा 48kg वर्ल्ड चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा को 5-0 से हराकर यह साबित कर दिया कि वो इस समय भारत की सबसे बड़ी बॉक्सिंग सनसनी हैं। उनके अलावा सचिन सिवाच, प्रीति पवार और प्रिया घनघस जैसे खिलाड़ी पहले ही अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस लिस्ट में जगह बना चुके थे, जबकि जैस्मीन, अरुंधति और आदित्य प्रताप सिंह केवल कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई कर पाए हैं क्योंकि उनकी कैटेगरी एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं है।

कांच के ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 2 अगस्त तक खेले जाएंगे, जबकि एशियन गेम्स का रोमांच 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में शुरू होगा।

भारतीय महिला टीम में एशियन गेम्स के लिए साक्षी चौधरी, प्रीति पवार, प्रिया घनघस, परवीन हुड्डा और लवलीना बोरगोहेन को जगह मिली है, जबकि पुरुष टीम की कमान जदुमणि सिंह, सचिन सिवाच, सुमित कुंडू, अंकुश, कपिल पोखरिया और नरेंद्र बेरवाल संभालेंगे। वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स के स्क्वॉड में जैस्मीन लैम्बोरिया, अरुंधति चौधरी और पुरुष वर्ग में आदित्य प्रताप सिंह अलग से देश का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।