राजनांदगांव में RCA ने RCA-B को 162 रन से हराया, रुद्र दशेरिया ने जड़ा शानदार शतक

Follow Us

राजनांदगांव। आरसीए और आरसीए-बी के बीच खेले गए अभ्यास मैच में आरसीए ने 162 रन से जीत दर्ज की। मुकाबले में ओपनर रुद्र दशेरिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 गेंदों में 20 चौके और 3 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। आरसीए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 232 रन बनाए। रौनक बिना खाता खोले राजवीर की गेंद पर बोल्ड हो गए, जबकि अर्जुन ने 20, प्रिंस ने 17 और निहाल सोनकर ने 6 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में 56 रन मिले, जिनमें 39 वाइड और 7 नो-बॉल शामिल थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीए-बी की टीम 78 रन पर ऑलआउट हो गई। ओपनिंग जोड़ी में शिवा और चीकू उतरे, लेकिन टीम का पहला विकेट 4 रन के स्कोर पर गिर गया। चीकू ने 12, शिवा ने 4, देविका ने 8 और राजवीर ने नाबाद 20 रन बनाए। आरसीए की ओर से विजेंद्र यादव और ईशान साहू ने 3-3 विकेट लिए, जबकि निहाल को 1 विकेट मिला। मैच की ऑनलाइन स्कोरिंग रौनक ने की और अंपायर की भूमिका अब्दुल ने निभाई। इस अवसर पर एकेडमी परिवार के सदस्यों, रणजी और आईपीएल खिलाड़ी अजय मंडल सहित कोचों एवं अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आरसीए के हेड कोच संदीप शुक्ला ने भी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।