मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना में 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है, जबकि बस चालक की मौत की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल यात्रियों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चालक की मौत और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
